बिरगांव नगर निगम चुनाव को लेकर दावेदार सक्रिय
रायपुर। बिरगांव नगर निगम चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। नगर निगम चुनाव को लेकर वार्डों के आरक्षण का प्रकाशन भी हो गया है। वार्डों के आरक्षण के बाद पार्षद पद के उम्मीदवार अपनी दावेदारी ठोंकने लगे हैं और किस्मत आजमाने के लिए वार्डों में सक्रिय हो गए हैं।
वहीं, आरक्षण के बाद कई वार्डों की स्थिति बदल गई है, जो वार्ड पहले अनारक्षित थे, वे अब आरक्षित श्रेणी में आ गए हैं, जबकि जो आरक्षित थे वे अब अनारक्षित हो गए हैं। यही वजह है कि वार्ड पार्षद का चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के बीच उहापोह की स्थिति बन गई है।
कोई खुश नजर आ रहा है, तो कोई आरक्षण से दुखी हो गया है। वहीं, कुछ लोग अपने वार्डों की अदला-बदली करने की फिराक में नजर आ रहे हैं। उम्मीदवार दूसरे वार्डों में जाकर रिश्तेदारी निकालने में जुट गए हैं। बिरगांव नगर निगम चुनाव में भले ही तीन से चार महीने का समय बचा है, लेकिन चुनावी पारा अभी से ही ऊपर चढ़ने लगा है।
ज्ञात हो कि बिरगांव नगर निगम के 40 वार्डों की लाटरी निकल चुकी है। नगर निगम चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने वाले दावेदार अब शहर के तीनों प्रमुख राजनीतिक दलों के विधायकों औ हारे हुए प्रत्याशियों के दफ्तर से लेकर बंगलों तक के चक्कर लगाते नजर आ रहे हैं।
बिरगांव नगर निगम चुनाव में इस बार विधायक और ग्रामीण जिला अध्यक्ष को उम्मीदवार चुनने के लिए कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि इस बार महापौर का चुनाव अप्रत्यक्ष रूप से होगा। फिलहाल निगम चुनाव में इस बार तीनों पार्टियों में काटे की टक्कर होगी।
निर्वाचन विभाग के सूत्रों के मुताबिक बिरगांव नगर निगम चुनाव समेत अन्य निकायों में जून में चुनाव हो सकते हैं। चुनाव के नामावली तैयार करने का कार्य 25 जनवरी से शुरू हो चुका है। मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन, दावा और आपत्तियां प्राप्त करने का कार्य एक मार्च को और मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 26 मार्च को किया जाएगा।
बिरगांव नगर निगम चुनाव के लिए आरक्षण के बाद राजनीतिक पार्टियों में भावी पार्षदों ने टिकट के लिए जुगाड़ लगाना शुरू कर दिया है। भावी पार्षदों ने इंटरनेट मीडिया के जरिए वार्डों में जनता तक पहुंचने की कवायद शुरू हो गई है। कई दावेदार तो अपने बायोडाटा और कामों की लिस्ट के साथ ही इंटरनेट मीडिया पर पार्षद की दावेदारी ठोंक रहे हैं।
बिरगांव नगर निगम रायपुर ग्रामीण विधानसभा के अंतर्गत आता है। वर्तमान में इस सीट पर कांग्रेस का कब्जा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा ने जीत दर्ज की है। इसके अलावा बिरगांव नगर निगम रायपुर लोकसभा क्षेत्र में आता है, जिसपर भाजपा का कब्जा है। बिरगांव नगर निगम चुनाव में भी भाजपा का कब्जा था। इसलिए बिरगांव नगर निगम का चुनाव दोनों पार्टियों के लिए कड़ी चुनौती साबित होगा।