18 से 20 फरवरी को होगा हॉकी, एथलेटिक्स व तीरंदाजी खेल चयन ट्रॉयल का आयोजन

सूरजपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आगामी वित्तीय वर्ष से बिलासपुर में भारत सरकार की खेलो इण्डिया योजनान्तर्गत खेलो इण्डिया सेन्टर ऑफ एक्सिलेंस प्रारंभ किया जा रहा है। यह सेन्टर एक आवासीय खेल अकादमी होगा।, जिसमें हॉकी, एथलेटिक्स एवं तीरंदाजी के बालक-बालिकाओं को खेल का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। बिलासपुर के साथ-साथ रायपुर में भी खेल विभाग द्वारा राज्य स्तरीय खेल अकादमी प्रारंभ की जा रही है, जिसमें हॉकी, एथलेटिक्स एवं तीरंदाजी का खेल प्रशिक्षण दिया जायेगा। अकादमी में प्रवेश के लिए सर्वप्रथम जिला स्तर पर चयन ट्रायल का आयोजन किया जायेगा। चयनित खिलाडियों को रायपुर एवं बिलासपुर की खेल अकादमी में प्रवेश मिलेगा। खिलाडियों को आवास, भोजन, शैक्षणिक व्यय, खेल परिधान, दुर्घटना बीमा, खेल प्रशिक्षण की सुविधाएं खेल विभाग द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जायेगी। रायपुर एवं बिलासपुर की अकादमी में प्रवेश के लिए 09 से 17 वर्ष तक आयु वर्ग के बालक बालिकाएं जो हॉकी, एथलेटिक्स, तीरंदाजी में रूचि रखते है तथा बिलासपुर या रायपुर में नियमित रूप से रहकर खेल प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहते हैं, वे चयन जिला स्तरीय प्रक्रिया में सम्मिलित हो सकते है। जिला स्तरीय चयन ट्रायल 18 से 20 फरवरी 2021 को कॉलेज स्टेडियम सूरजपुर में आयोजित किया जायेगा।
जिला स्तरीय चयन ट्रायल में चयनित बालक-बालिकाओं को राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में सम्मिलित कराया जायेगा, जिले से भाग लेने वाले बालक-बालिकाओं खिलाडियों की अधिकतम संख्या हॉकी में 10-10, एथलेटिक्स में 12-12 एवं तीरंदाजी में 06-06 की होगी। राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में भाग लेने के लिए आने-जाने का व्यय खेल विभाग द्वारा वहन किया जायेगा।
राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में चयनित बालक-बालिकाओं को पात्रता संबंधी अन्य अर्हताओं को पूर्ण करने की स्थिति में अकादमी में प्रवेश दिया जाएगा। जिले के ऐसे खिलाड़ी जिनकी आयु 17 वर्ष से कम है तथा जो बिलासपुर या रायपुर की खेल अकादमी में प्रवेश लेने के इच्छुक हैं, वे अपना नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि, पूर्ण पता, मोबाईल नम्बर, खेल का नाम, अपने अभिभावक का सहमति पत्र की जानकारी प्रस्तुत कर कार्यालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग सूरजपुर में 15 फरवरी 2021 तक पंजीयन करा सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए मोबाईल नम्बर 8839050076 तथा 9406444343 में भी सम्पर्क किया जा सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *