उत्तराखंड की अनीता ने तोड़ा सुनीता रानी का रिकॉर्ड
गुवाहाटी। उत्तराखंड की अंकिता ध्यानी ने 36वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के पहले दिन शनिवार को महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में सुनीता रानी का राष्ट्रीय अंडर-20 रिकॉर्ड तोड़ दिया।
18 वर्षीय अनीता ने भोपाल में पिछले महीने फेडरेशन कप अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5000 मीटर स्पर्धा 16:37.90 का समय लेकर जीती थी। उन्होंने अब इसमें 16:21.19 का समय लेकर सुधार किया और सुनीता रानी का अगस्त 1997 में बनाया 16:21.59 का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा।
महिला ऊंची कूद में पवना नागराज (कर्नाटक) और मोहर मुख़र्जी (पश्चिम बंगाल) तथा पुरुष गोला फेंक में अनुराग सिंह कालेर (उत्तर प्रदेश ) और निखलेश (हरियाणा)के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ। नागराज ने 1.73 मीटर की ऊंचाई पारकर लड़कियों के अंडर 16 का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा जबकि अनुराग ने 19.23 मीटर और 20.16 मीटर के साथ दो बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार किया।
विवेक कुमार (मध्य प्रदेश) ने लड़कों की अंडर-18 भाला फेंक स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने अंतिम प्रयास में 72.83 मीटर की थ्रो के साथ जीता।